जलगांव, 17 मार्च 2026 – संसद भवन के प्रवेशद्वार के सामने कांग्रेस सांसदों द्वारा चाय पार्टी कर नारेबाजी किए जाने के विरोध में महाराष्ट्र के चाळीसगाव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार आंदोलन किया। इस घटनाक्रम ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
चाळीसगाव शहर के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और खासतौर पर राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी नेताओं का कहना है कि संसद जैसी सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के बाहर इस तरह का प्रदर्शन करना संसदीय नियमों और परंपराओं के खिलाफ है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी की तस्वीर पर जूते मारकर अपना विरोध जताया। इस प्रतीकात्मक विरोध के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए और संसद की गरिमा बनाए रखने की बात कही।
इस मौके पर भाजपा पदाधिकारी भावेश कोठावदे ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद की मर्यादा का पालन करना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है और इस तरह के विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करते हैं।
हालांकि, इस मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद आने वाले समय में और गहरा सकता है।
फिलहाल, चाळीसगाव में हुए इस आंदोलन के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
