जलगांव, 17 अप्रैल 2026 – महाराष्ट्र के जलगांव शहर में क्रिकेट का जबरदस्त माहौल बन चुका है। स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से आयोजित “जलगांव क्रिकेट लीग 2026” का रोमांच 18 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। यह टूर्नामेंट 18 से 26 अप्रैल तक मेहरूण तलाव परिसर के कांताई नगर स्थित जैन ड्रीम स्पेसेस के भव्य मैदान पर खेला जाएगा। शनिवार, 18 अप्रैल की शाम इस लीग का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जिसमें कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और खेल जगत से जुड़े मान्यवर मौजूद रहेंगे।
इस प्रतियोगिता में कुल 6 टीमें और 108 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। जळगाव कोगटा किंग, जामनेर सातपुडा हीरोज, पाचोरा एसकेटी योद्धाज, चाळीसगाव एसपीसीसी चैलेंजर्स, रावेर रॉयल्स और अमळनेर सुहांस जायंट्स जैसी टीमें इस लीग में आमने-सामने होंगी। हर टीम लीग चरण में पांच मुकाबले खेलेगी, जिसके बाद क्वालिफायर और एलिमिनेटर मुकाबलों के जरिए फाइनल तक का सफर तय होगा।
यह टूर्नामेंट आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें दर्शकों को चौके-छक्कों के साथ-साथ यॉर्कर, बाउंसर और गुगली का रोमांच भी देखने को मिलेगा। कुल 19 मुकाबलों में खिलाड़ियों का दमखम और रणनीति दोनों ही कसौटी पर होंगे।
जैन ड्रीम स्पेसेस का मैदान इस आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। यहां ट्रफ विकेट, हरी-भरी आउटफील्ड और एलईडी स्क्रीन से सजी बाउंड्री इसे प्रोफेशनल स्टेडियम जैसा रूप दे रही है। दिन-रात के मुकाबलों के लिए आधुनिक एलईडी लाइट्स की व्यवस्था की गई है। साथ ही दर्शकों के लिए विशेष गैलरी भी बनाई गई है, जो सभी के लिए खुली रहेगी।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 18 अप्रैल की सुबह 8:30 बजे जामनेर सातपुडा हीरोज और पाचोरा एसकेटी योद्धाज के बीच खेला जाएगा, जबकि शाम 7:30 बजे चाळीसगाव एसपीसीसी चैलेंजर्स और जळगाव कोगटा किंग के बीच मुकाबला होगा।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह लीग किसी त्योहार से कम नहीं है, जहां स्थानीय प्रतिभाएं अपने खेल का प्रदर्शन कर नई पहचान बनाने की कोशिश करेंगी।