जलगांव, 24 अप्रैल 2026 – जळगांव क्रिकेट लीग-2026 (JCL T-20) में एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में अमलनेर सुहांस जायंट्स ने 242 रन का विशाल लक्ष्य हासिल करते हुए ग्रैंड फाइनल में धमाकेदार एंट्री कर ली है। जळगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में पहले क्वालिफायर मुकाबले में सुहांस जायंट्स ने जळगांव कोगटा किंग्स को करारी शिकस्त दी। अब दूसरे क्वालिफायर के जरिए फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम का फैसला 25 अप्रैल को दोपहर 4 बजे जैन ड्रीम स्पेसेस मैदान पर होगा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जळगांव कोगटा किंग्स ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस दौरान ओम भोसले ने 74 गेंदों में नाबाद 170 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 17 चौके शामिल रहे। उनके अलावा अक्षय मेघानी (21), जितेंद्र नाईक (20), बिपिन चांगरे (13) और पूर्वेश चौधरी (नाबाद 8) ने योगदान दिया।
इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अमलनेर सुहांस जायंट्स ने आक्रामक अंदाज अपनाया और महज 18.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 246 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। रिषी यादव (26) और मानव ट्रिबरेवाल (64) ने टीम को तेज शुरुआत दी, जिसके बाद रणजीत निकम ने 28 गेंदों में 76 रन और कप्तान शुभम शर्मा ने 30 गेंदों में 65 रन की तूफानी पारियां खेलते हुए जीत सुनिश्चित की। रणजीत निकम को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं लीग के एक अन्य मुकाबले में अमलनेर सुहांस जायंट्स ने पाचोरा एसकेटी योद्धाज को 67 रन से हराया। इस मैच में शुभम शर्मा (69) और अजय पाटिल (69) की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर टीम ने 196 रन बनाए। जवाब में पाचोरा की टीम 129 रन पर सिमट गई। सतिश चतुर्वेदी ने 4 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
अब सभी की नजरें ग्रैंड फाइनल पर टिकी हैं, जहां अमलनेर सुहांस जायंट्स का सामना दूसरे क्वालिफायर की विजेता टीम से होगा।
