जलगांव जिले के चालीसगांव में चल रहे पुलिस के विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवनाथ नगर निवासी आरती किरण देठे (37 वर्ष) के घर पर की गई तलाशी में भारी मात्रा में घातक हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस को घर से 19 तलवारें तथा 11 अन्य घातक हथियार, जिनमें चॉपर, चाकू और गुप्ती शामिल हैं, मिले हैं। इस तरह कुल 30 धारदार हथियार बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने हथियारों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई चालीसगांव में चल रहे विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतने बड़े पैमाने पर हथियार घर में क्यों रखे गए थे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।