जलगांव पुलिस ने चोरी और घरफोड़ियों की बढ़ती घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। इस अभियान में पुलिस ने पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से कुल ₹4.30 लाख मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 9 घरफोड़ियों और 1 मोटरसाइकिल चोरी सहित कुल 10 वारदातों को अंजाम दिया था। बरामद सामान में ₹2.30 लाख का चोरी का माल और चार मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग ₹2 लाख बताई गई है।
मुख्य आरोपी गुरुजीत सिंह सुजान सिंह बावरी पर पहले से 13 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह पहले भी कानून की कार्रवाई का सामना कर चुका है, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया था।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के मार्गदर्शन में, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित, उपविभागीय पुलिस अधिकारी नितीन गणापुरे तथा जलगांव तालुका पुलिस स्टेशन के निरीक्षक शशिकांत पाटील और उनकी टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दी।
