महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रावेर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की एक कथित साजिश को विफल कर दिया। गुप्त सूचना मिलने पर रावेर पुलिस ने पाल-रावेर मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध सफेद मारुति इको वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक पुलिस को देखकर तेज रफ्तार से भागने लगा।

पीछा करने के दौरान वाहन भुसावल रोड स्थित एक खेत के पास चिखल में फंस गया। इसके बाद वाहन में सवार आरोपी खेतों की ओर भागने लगे। स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार, अन्य औजार, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।