जलगांव | 13 जुलाई। जलगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ अनुभूति रेजिडेंशियल स्कूल के मैदान पर किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल जैन के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें जिले की 29 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला इत्तिहाद लेजर स्पोर्ट्स और ब्ल्यू डायमंड क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। बेहद रोमांचक मुकाबले में ब्ल्यू डायमंड क्रिकेट क्लब ने 7 रन से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का विजयी आगाज़ किया।
उद्घाटन समारोह में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष यूसुफ मकरा ने टॉस कराया, जबकि मैदान पूजन रवींद्र धर्माधिकारी ने किया। इस अवसर पर सचिव अरविंद देशपांडे भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मोहम्मद फजल ने किया।
ब्ल्यू डायमंड क्रिकेट क्लब की ओर से यश सूर्यवंशी ने 36 गेंदों में 54 रन और हितेश पाटील ने 34 गेंदों में 27 रन बनाए। गेंदबाजी में रफीक शेख ने 3 विकेट और धरू शिसोदे ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
इत्तिहाद लेजर स्पोर्ट्स की ओर से सादिक देशमुख ने 31 गेंदों में 31 रन और रईस शेख ने 14 गेंदों में 19 रन बनाए। गेंदबाजी में प्रेम द्विवेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। वहीं शशिकांत वर्मा और मनीष चौबे ने 1-1 विकेट हासिल किया।
