महाराष्ट्र के अमरावती ग्रामीण जिले के मोर्शी पुलिस थाना क्षेत्र में खड़े एक ट्रक की केबिन से एक ट्रक चालक का जला हुआ शव मिलने के मामले में बड़ी सफलता मिली है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई थी कि हत्या के बाद सबूत मिटाने और मौत का वास्तविक कारण छिपाने के लिए ट्रक में आग लगाई गई थी।
शुक्रवार सुबह करीब 8:48 बजे अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक ने जळगांव पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धीवरे से संपर्क कर सूचना दी कि हत्या का आरोपी जळगांव जिले के रावेर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मौजूद है और पंजाब भागने की तैयारी में है।
रावेर पुलिस के पास आरोपी की केवल एक धुंधली तस्वीर थी। इसके बावजूद पुलिस निरीक्षक संदीप पाटील और रावेर पुलिस स्टेशन की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक विवाद के चलते ट्रक चालक की गला दबाकर हत्या करने और बाद में शव को जलाने की बात स्वीकार की है। आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह कश्मीर सिंह रंधावा (48 वर्ष), निवासी जिला अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।
आरोपी के कब्जे से सफेद आयशर ट्रक (PB-02-EW-4299) भी बरामद किया गया है। अमरावती ग्रामीण पुलिस की टीम आरोपी को अपने कब्जे में लेने के लिए जळगांव रवाना हो गई है।
नोट: यह जानकारी पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई और पूछताछ पर आधारित है। मामले की आगे की जांच जारी है।
