महाराष्ट्र के जलगांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एमआईडीसी थाना क्षेत्र के गाडेगांव शिवार के पास, जामनेर से जलगांव आ रही एक तेज़ रफ्तार कार का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार जलगांव हवाई अड्डे से गाडेगांव के बीच डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई।

हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जलगांव में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों की अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। एमआईडीसी पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।