महाराष्ट्र के फैजपुर स्थित सतपंथ मंदिर संस्थान के गादीपति महामंडलेश्वर जनार्दन हरीजी महाराज की कनाडा और अमेरिका में आयोजित एक माह की आध्यात्मिक यात्रा भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रचार-प्रसार का प्रेरणादायी उदाहरण बन गई।

17 जून से 25 जुलाई 2026 तक कनाडा के हैलिफैक्स, टोरंटो, हैमिल्टन और एडमॉन्टन तथा अमेरिका के शिकागो, सेंट लुईस, अटलांटा, दक्षिण कैलिफोर्निया, पेनसिल्वेनिया और न्यू जर्सी सहित कई शहरों में सत्संग और प्रवचनों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।

अमेरिका के पेनसिल्वेनिया राज्य के यॉर्क शहर में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित सजीव झांकियों में बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और रामायण के आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिला।

अपने प्रवचनों में महामंडलेश्वर जनार्दन हरीजी महाराज ने परिवार, संस्कार, सेवा और आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रवासी भारतीयों से अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखने और अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस सफल आयोजन में ओमकार पटेल, हिरेन पटेल, कनुभाई लिंबानी, सुनीलभाई पटेल, प्रफुल्लभाई पटेल, रोशनभाई पटेल, किन्नरभाई पटेल, कल्पेश भिरुड, स्नेहल भिरुड, सचिन चौधरी, रूपाली चौधरी, तन्मय झोपे, नकुल ठोंबरे, लोकेश महाजन, दिव्या महाजन और भूपेंद्रभाई पटेल सहित अनेक स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।