जलगांव शहर के जे. एम. पी. मार्केट के सामने स्थित गुजराती गली में लक्ष्मी ऑटो गैरेज से बुलेट मोटरसाइकिल के इंजन, क्लच कवर, गियर बॉक्स कवर, हेड, मैग व्हील और शॉकअप पाइप सहित लगभग ₹30 हजार कीमत के पार्ट्स चोरी होने का मामला सामने आया था।

इस मामले में जिल्हापेठ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने गोपनीय सूचना, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भिमा अनिल पवार (22 वर्ष) और आरती जितेंद्र गोपाल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पुराने बुलेट इंजन, दो क्लच कवर, दो गियर बॉक्स कवर, दो बुलेट हेड, चार मैग व्हील और दो शॉकअप पाइप सहित कुल ₹30 हजार कीमत का चोरी का सामान बरामद किया।

यह कार्रवाई सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल वाघ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक अंजाम दी।