जलगांव के महात्मा गांधी रोड स्थित नवजीवन सिटी सर्वे क्षेत्र में कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण को लेकर वर्षों से शिकायतें किए जाने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने का मामला सामने आया है।
शिकायतकर्ता आनंद शर्मा का दावा है कि उन्होंने वर्ष 2015 से लगातार महानगरपालिका को लिखित शिकायतें, स्मरण पत्र और दस्तावेज़ सौंपे, लेकिन आज तक उन्हें किसी भी शिकायत पर अंतिम कार्रवाई अथवा लिखित जवाब नहीं मिला।
उपलब्ध दस्तावेज़ों के अनुसार 2015, 2016 सहित विभिन्न वर्षों में नगररचना विभाग को कई आवेदन दिए गए। शिकायतों में आरोप लगाया गया कि संबंधित निर्माण में स्वीकृत नक्शे के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई और व्यावसायिक उपयोग शुरू कर दिया गया।
दस्तावेज़ों के मुताबिक एक समय महानगरपालिका द्वारा संबंधित दुकानों को नोटिस जारी किए गए और कार्रवाई भी शुरू हुई, लेकिन बाद में मामला आगे नहीं बढ़ा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कागज़ी कार्रवाई तो हुई, लेकिन ज़मीनी स्तर पर स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि शिकायतें निराधार थीं तो शिकायतकर्ता को लिखित जवाब क्यों नहीं दिया गया, और यदि शिकायतें सही थीं तो कार्रवाई अधूरी क्यों रह गई?
फिलहाल इस मामले में महानगरपालिका का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। यदि संबंधित अधिकारी या संबंधित पक्ष अपनी प्रतिक्रिया देता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
