सरकारी, निजी, व्यावसायिक और पारिवारिक मामलों में कानूनी समस्याओं का सामना करने वाले आम नागरिकों के लिए ‘न्याय विश्वास फाउंडेशन’ एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है। मुंबई उच्च न्यायालय में विधि सेवा देने वाले युवा अधिवक्ता अनिकेत उज्ज्वल निकम ने अपने 12-13 वर्षों के कानूनी अनुभव के आधार पर इस फाउंडेशन की स्थापना की है।
फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को निःशुल्क कानूनी सलाह, मार्गदर्शन और कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी सरल भाषा में देने के लिए कानूनी शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
अधिवक्ता अनिकेत निकम देश के प्रसिद्ध विधिवेत्ता उज्ज्वल निकम के पुत्र हैं। फाउंडेशन की शुरुआत के महज एक महीने के भीतर जलगांव में तीन कानूनी शिविर आयोजित किए गए, जिनमें करीब 1600 से 1700 जरूरतमंद लोगों को मार्गदर्शन दिया गया।
पहला शिविर जलगांव के नूतन मराठा महाविद्यालय सभागृह में आयोजित हुआ, जहां लगभग 300 लोगों को कानूनी सलाह दी गई। दूसरा शिविर पिंप्राळा के ठाकूर समाज मंगल कार्यालय में हुआ, जिसमें करीब 450 लोग पहुंचे। तीसरा और सबसे बड़ा शिविर मेहरूण स्थित साईबाबा मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जहां लगभग 800 जरूरतमंदों को कानूनी मार्गदर्शन मिला।
इन शिविरों में 7/12 और जमीन संबंधी विवाद, वारिसों की नोंद, जमीन की माप, खेतों के रास्ते और बंटवारे के मामले, विवाह और पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण, घरेलू हिंसा, संपत्ति में अधिकार, साइबर ठगी, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध, एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया, पुलिस थाने में नागरिकों के अधिकार, किरायानामा, करारनामे और आर्थिक लेन-देन से जुड़े विवादों पर विशेषज्ञ वकीलों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी जा रही है। इस पहल की खास बात यह है कि कानूनी सहायता पाने के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों से जरूरतमंद लोग जलगांव पहुंच रहे हैं।