भारतीय जनता पार्टी ने नाशिक के सक्रिय कार्यकर्ता शिवम शिंपी को उत्तर महाराष्ट्र का ‘विभागीय कार्यालय प्रमुख’ नियुक्त किया है। महाराष्ट्र भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने आधिकारिक पत्र जारी कर उनकी नियुक्ति की घोषणा की।
शिवम शिंपी मूल रूप से जळगाव जिले के नगरदेवळा के रहने वाले हैं। प्रारंभिक शिक्षा नगरदेवळा में पूरी करने के बाद उन्होंने जळगाव में उच्च शिक्षा प्राप्त की और नौकरी के सिलसिले में नाशिक में बस गए।
नाशिक में उन्होंने भाजपा की सोशल मीडिया टीम के साथ काम करते हुए पार्टी कार्यालय प्रबंधन, कार्यक्रमों के आयोजन, अभियानों की योजना और रिपोर्टिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पिछले छह वर्षों से वे उत्तर महाराष्ट्र समन्वयक के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में उनके संगठनात्मक एवं नियोजन कार्य की भी सराहना की गई है।
अपनी नियुक्ति पर शिवम शिंपी ने कहा कि “यह पद नहीं, बल्कि पार्टी की ओर से दी गई बड़ी जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि उत्तर महाराष्ट्र के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं तक पार्टी के कामकाज की जानकारी समय पर पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं और गतिविधियों की जानकारी अपडेट रखना उनकी प्राथमिकता होगी।
शिवम शिंपी की नियुक्ति पर उत्तर महाराष्ट्र के भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी संगठनात्मक कार्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
