जलगांव लोकसभा क्षेत्र की सांसद स्मिता वाघ को लगातार दूसरी बार ‘संसद रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। इससे पहले उन्हें वर्ष 2025 में भी ‘संसद रत्न पुरस्कार’ मिला था। अब वर्ष 2026 में दोबारा यह सम्मान मिलने पर स्मिता वाघ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खुशी जाहिर की है।

सांसद स्मिता वाघ ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि जलगांव लोकसभा क्षेत्र की जनता के विश्वास और संसद में लगातार जनता की आवाज उठाने के प्रयासों का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि संसद में पूछे गए प्रत्येक सवाल, रखी गई हर मांग और किए गए हर प्रयास के केंद्र में उनके संसदीय क्षेत्र के नागरिकों की समस्याएं और उनकी अपेक्षाएं रही हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनसेवा जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

स्मिता वाघ ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और महाराष्ट्र के जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि नेतृत्व की ओर से मिली जिम्मेदारी और विश्वास उनके लिए हमेशा प्रेरणादायी रहा है। इसके साथ ही उन्होंने संसद रत्न पुरस्कार समिति, ज्यूरी सदस्यों, संसद के सहयोगियों, भाजपा परिवार के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का भी धन्यवाद किया।

सांसद स्मिता वाघ ने इस वर्ष संसद रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी सहकारी सांसदों को भी बधाई दी और कहा कि संसदीय कार्यों में उनके उल्लेखनीय योगदान की यह उचित सराहना है।

अपने संदेश के अंत में स्मिता वाघ ने कहा—
“पहले सम्मान ने प्रेरणा दी… लगातार दूसरे सम्मान ने जिम्मेदारी और बढ़ा दी। यह पुरस्कार मेरे लिए सफलता का पड़ाव नहीं, बल्कि जलगांव की जनता के लिए और अधिक काम करने की नई प्रेरणा है।”