जलगांव जिले के रावेर में खेतों से पानी की -मोटर चोरी* करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। रावेर पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के निर्देश पर खेतों में होने वाली मोटर और तांबे के तारों की चोरी के मामलों को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
इसी अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटर पंप बेचने के लिए रमजीपुर गांव में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजेंद्र सुधाकर महाजन, उमेश प्रकाश धनगर, रितेश जगन्नाथ काबडकऱ और आनंदा गोपाळ धनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने रमजीपुर स्थित खेत से 5 हॉर्सपावर की पानी की मोटर चोरी करने की बात स्वीकार की और चोरी की मोटर पुलिस को बरामद कराई।
यह मामला रावेर पुलिस स्टेशन में दर्ज चोरी के एक प्रकरण से जुड़ा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले और कितनी चोरियां की हैं, उनके साथ और कौन लोग शामिल हैं और चोरी का सामान किन लोगों को बेचा गया है।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उनकी पुलिस हिरासत की मांग की है। मामले की आगे की जांच रावेर पुलिस कर रही है।
