वरणगांव:
सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवक को सुनसान जगह बुलाने और उस पर लोहे की रॉड व देसी कट्टे से जानलेवा हमला करने के सनसनीखेज मामले में घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मुक्ताईनगर निवासी 24 वर्षीय सरफराज सैयद की जलगांव के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भुसावल तहसील के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
फर्जी आईडी से मैसेज कर सर्विस रोड पर बुलाया
जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर की शाम करीब 7 बजे मुक्ताईनगर के काजीपुरा निवासी सरफराज सैयद साकिर सैयद (उम्र 24) को इंस्टाग्राम पर एक युवती के नाम से बनाई गई फर्जी आईडी से लगातार कॉल और मैसेज आए। बातचीत के बहाने उसे वरणगांव स्थित फुलगांव फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड पर बुलाया गया।
सरफराज जैसे ही तय स्थान पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर दोपहिया वाहन पर पहुंचे दो युवकों ने उस पर अचानक लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने सरफराज के सिर पर लगातार दो जोरदार वार किए, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उसके पैरों पर भी बेरहमी से वार किए गए।
दो राउंड फायरिंग कर आरोपी हुए फरार
हमले के दौरान एक आरोपी ने अपनी कमर से देसी कट्टा निकाला और सरफराज पर ताबड़तोड़ दो राउंड गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से लहूलुहान सरफराज को तुरंत उपचार के लिए जलगांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी और मौत से जूझते हुए आज सुबह उसने अंतिम सांस ली। मृतक सरफराज अपने घर का मुख्य कमाऊ सदस्य था, उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
पुरानी रंजिश में दिया वारदात को अंजाम, 2 गिरफ्तार
वरणगांव पुलिस थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। तकनीकी जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस ने भुसावल तहसील के फेकरी निवासी भूषण उर्फ बिस्ला राजू सावले (उम्र 20) और सिद्धार्थ रामदास ढिवरे (उम्र 27) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पुरानी रंजिश का बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर फर्जी प्रोफाइल का जाल बिछाकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
