जलगांव, 9 मार्च 2026 – सामाजिक जिम्मेदारी की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड की ओर से संस्थापक अध्यक्ष भवरलालजी जैन के पिता स्वर्गीय हिरालालजी जैन (बाबा) की 36वीं पुण्यतिथि के अवसर पर देशभर में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। कंपनी के विभिन्न प्रकल्पों में आयोजित इस सामाजिक उपक्रम में सहकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 319 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
जलगांव स्थित जैन फूड पार्क के अस्पताल परिसर के सभागार में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन कंपनी के वरिष्ठ सहकर्मी प्रदीप सांखला और सुनील गुप्ता के हाथों दीप प्रज्वलन तथा स्व. हिरालालजी जैन के चित्र पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर किशोर बाविस्कर, जी. आर. पाटील, राजेश आगिवाल और जी. आर. चौधरी सहित कई सहकर्मी उपस्थित थे। शिविर की शुरुआत संजय पारख ने पहला रक्तदान कर की। इसके बाद जी. आर. चौधरी, आशुतोष माली सहित कई कर्मचारियों ने रक्तदान किया। एग्री पार्क, फूड पार्क, एनर्जी पार्क और डिवाइन पार्क के कर्मचारियों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी दर्ज कराई।
इसी तरह प्लास्टिक पार्क के ज्ञानालय (डेमो हॉल) में आयोजित शिविर का उद्घाटन डॉ. जनमेजय नेमाडे और राजीव सरोदे ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सी. एस. नाईक, डॉ. ज्ञानेश पाटील, किशोर बोरसे और किशोर सोनार समेत कई सहकर्मी मौजूद रहे। प्लास्टिक पार्क, टाकरखेडा टिश्यूकल्चर प्लांट, जैन फूड मॉल, कांताई नेत्रालय और कांताई सभागार के कर्मचारियों ने भी इस रक्तदान अभियान में सक्रिय भाग लिया।
रक्तदान के आंकड़ों के अनुसार जैन प्लास्टिक पार्क में सर्वाधिक 224 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जबकि जैन फूड पार्क में 60 सहकर्मियों ने रक्तदान किया। इसके अलावा अलवर प्रकल्प में 2, बड़ौदा प्रकल्प में 4, उदुमलपेट प्रकल्प में 6, हैदराबाद प्रकल्प में 10 और चित्तूर प्रकल्प में 13 कर्मचारियों ने रक्तदान किया। इस प्रकार सभी केंद्रों से कुल 319 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
इस शिविर में रक्त संग्रहण की जिम्मेदारी इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, केशव स्मृति प्रतिष्ठान संचालित माधवराव गोलवलकर स्वयंसेवी रक्तपेढ़ी और जिला शासकीय अस्पताल, जलगांव की मेडिकल टीमों ने संभाली। रक्त संकलन प्रक्रिया में डॉ. मकरंद वैद्य, भानुदास येवलेकर, उज्वला पाटील, जयेश पाटील, श्रीकांत मुंडे और रामचंद्र पोतदार सहित कई कर्मियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कंपनी की ओर से हर वर्ष स्व. हिरालालजी जैन की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। कर्मचारियों द्वारा किया गया यह रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदान साबित होता है। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के सामाजिक उपक्रम जैन इरिगेशन की सामाजिक प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
