भारी बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। तेज बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कें और चौराहे जलमग्न हो गए, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। जगह-जगह पानी भरने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा।
रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर 1:30 बजे तक करीब 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद राजीव चौक, इफ्को चौक, रेलवे रोड, सेक्टर-5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड समेत कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
बारिश का असर दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर भी दिखाई दिया। जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। कई जगहों पर लोगों को सामान्य से कई गुना ज्यादा समय सड़क पर बिताना पड़ा।
हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने निजी और कॉरपोरेट कार्यालयों को सलाह दी है कि जहां तक संभव हो, कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम यानी घर से काम करने की सुविधा दी जाए। वहीं, बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को ऑनलाइन माध्यम से कक्षाएं आयोजित करने की सलाह दी गई है।
बारिश के बाद पैदा हुए हालात ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधुनिक और विकसित शहर होने के बावजूद हर तेज बारिश के बाद जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है।
फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की जा रही है कि खराब मौसम और जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतें। बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी प्रशासन की ओर से जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं।
