जलगांव शहर में सफाई व्यवस्था पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें पिछले दो-दो महीने से वेतन नहीं मिला, जिसके कारण उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का कहना है कि परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और कई बार शिकायत करने के बावजूद ठेकेदार कंपनी BVG के अधिकारियों ने उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।
दूसरी ओर, पिछले कुछ दिनों से जलगांव महानगरपालिका के कई पार्षद भी BVG कंपनी के कामकाज पर सवाल उठा चुके हैं। आरोप है कि कंपनी शहर में सफाई व्यवस्था सही ढंग से संचालित नहीं कर रही है। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अब शहर में कचरा उठाने और नियमित सफाई कार्य प्रभावित होने की संभावना है।
फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि महानगरपालिका प्रशासन, BVG कंपनी और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच बातचीत से इस विवाद का समाधान कब निकलता है।
