जलगांव, 27 सितंबर। जैन हिल्स के प्राकृतिक और शांत वातावरण में उगते सूर्य की साक्षी में जलगांवकरों ने ‘Sunrise & Surrender – The Morning Journey’ का अनोखा अनुभव लिया। ‘The Unplug Project’ के माध्यम से आयोजित इस पहल में Scenic Run, Nature Walk, ध्यान, लाइव म्यूजिक और फ्री-फ्लो डांस जैसी गतिविधियों को एक साथ जोड़ा गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित न रहकर लोगों को मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा का अनुभव कराना था। ‘Not just a run. Not just a party.’ की अवधारणा के साथ आयोजित इस Morning Journey में ‘Move, Breathe, Dance, Belong’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में कबचौ उत्तर महाराष्ट्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. विजय माहेश्वरी, जिलाधिकारी रोहन घुगे, मनपा आयुक्त आदित्य जिवने, जिला परिषद की सीईओ करिश्मा नायर, उपवनसंरक्षक सौरेश सहाय, उपजिलाधिकारी अर्चना मोरे, जैन इरिगेशन के अध्यक्ष अशोक जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
सुबह की इस यात्रा की शुरुआत श्रद्धेय बड़ेभाऊ की श्रद्धाज्योति श्रद्धास्थल से हुई। श्रद्धाधाम परिसर में नौकाओं पर तबला वादन, क्लासिकल पियानो और मंगोलियन साउंड के माध्यम से प्रकृति के साथ संवाद का अनुभव कराया गया। इसके साथ ध्यान और योग के माध्यम से मन की शांति का प्रयास किया गया।
अहमदाबाद के प्रसिद्ध कलाकार पारस दलाल की विशेष उपस्थिति और प्रस्तुति ने कार्यक्रम में संगीत और मनोरंजन की अलग रंगत जोड़ी। प्रतिभागियों को ‘Run से Relaxation’ और ‘Music से Meditation’ तक का अनुभव मिला।
इस अनोखी पहल के माध्यम से जलगांवकरों को व्यस्त जीवनशैली से कुछ समय अलग निकालकर स्वयं, प्रकृति और संगीत से जुड़ने का अवसर मिला। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अंबिका जैन, जयंतिका, सनम और जगदीश चावला ने विशेष परिश्रम किया। अंबिका जैन ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जबकि डॉ. अश्विन झाला ने परिसर की जानकारी दी।