जलगांव, 27 मई 2026 – 2007 में मध्य रेलवे मुंबई द्वारा आयोजित भर्ती प्रक्रिया में पात्र ठहराए गए करीब साढ़े तीन सौ उम्मीदवार अब न्याय की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। जलगांव के जी.एस. मैदान में महाराष्ट्रभर से पहुंचे उम्मीदवारों ने बुधवार से आंदोलन शुरू किया और साफ चेतावनी दी कि नियुक्ति पत्र मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन कर रहे उम्मीदवारों का कहना है कि उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के सभी टप्पे पूरे किए थे। लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट तक की प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी रेलवे प्रशासन ने उन्हें नियुक्ति नहीं दी।
उम्मीदवारों के मुताबिक पिछले 14 वर्षों से वे नौकरी की उम्मीद में इंतजार कर रहे हैं। इस लंबे इंतजार के दौरान कई उम्मीदवारों की उम्र सरकारी नौकरी की सीमा से बाहर हो चुकी है, जबकि कई लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। आंदोलनकारियों ने भावुक शब्दों में कहा कि नौकरी की उम्मीद में जिंदगी के महत्वपूर्ण साल गुजर गए और अब परिवार चलाना भी मुश्किल हो गया है।
जी.एस. मैदान में बड़ी संख्या में उम्मीदवार और उनके परिवार मौजूद हैं। आंदोलनस्थल पर नाराजगी और भावुक माहौल देखने को मिल रहा है। उम्मीदवारों ने सरकार और रेलवे प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय देने की मांग की है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि 14 वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे इन उम्मीदवारों की मांग पर रेलवे प्रशासन और सरकार क्या फैसला लेते हैं।
