जलगांव जिला कैरम एसोसिएशन की मान्यता, जैन स्पोर्ट्स अकादमी के आयोजन और जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड के प्रायोजन में आयोजित दूसरी जलगांव कैरम लीग का खिताब मकरा चैलेंजर्स ने लगातार दूसरी बार अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में मकरा चैलेंजर्स ने आप्पासाहेब लिजेंड्स को 2-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता टीम को 18 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता आप्पासाहेब लिजेंड्स को 12 हजार रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। तीसरे स्थान पर स्पोर्ट्स हाउस स्ट्राइकर्स और चौथे स्थान पर साईनाथ टाइटन्स रहे।
फाइनल में जैद फारुकी ने शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। लिसर स्पोर्ट्स के दानिश शेख को सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी, जबकि मकरा चैलेंजर्स के टीम मैनेजर सैय्यद जुबेर को सर्वश्रेष्ठ गेम प्लानिंग का पुरस्कार मिला। फेयर प्ले अवॉर्ड लिसर स्पोर्ट्स स्टार्स टीम ने जीता।
प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों और विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जैन स्पोर्ट्स अकादमी, जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड, जलगांव जिला कैरम एसोसिएशन के पदाधिकारी, टीम मालिक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।