मुंबई स्थित प्रदेश कार्यालय में बुधवार, 8 जुलाई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने अशोक एस. लाडवंजारी को जलगांव महानगर जिला अध्यक्ष पद का नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील भुसारा तथा प्रदेश महासचिव रविंद्र पवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अशोक एस. लाडवंजारी इससे पहले भी महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और उन्हें दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे का करीबी और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता माना जाता है। वे पूर्व में भाजपा के महानगर अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
लाडवंजारी नगरसेवक, जिला नियोजन समिति सदस्य, मनपा स्थायी समिति सदस्य तथा शिक्षा मंडल सदस्य के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे नाथ फाउंडेशन के अध्यक्ष तथा श्रीराम प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के सचिव हैं। सामाजिक कार्यों के तहत उन्होंने जरूरतमंद परिवारों को कपड़े, कंबल, खाद्यान्न, विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री तथा महिलाओं को साड़ियों का वितरण जैसे अनेक सेवा कार्य किए हैं।
उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जलगांव शहर में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा शरद पवार के विचारों को घर-घर और वार्ड-वार्ड तक पहुंचाने का अभियान तेज किया जाएगा।
इस नियुक्ति पर रोहिणी खडसे, ईश्वरलाल जैन सहित पार्टी के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अशोक एस. लाडवंजारी को शुभकामनाएं दीं।