मेक्सिको के जलिस्को राज्य में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां पहले से हुए एक सड़क हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आया एक मालवाहक ट्रक नियंत्रण खो बैठा और घटनास्थल पर खड़े कई वाहनों में जा घुसा।

हादसा इतना भीषण था कि दो मालवाहक ट्रक और तीन अन्य वाहन आग की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 10 अन्य लोग घायल हुए। घायलों में मेक्सिको की नेशनल गार्ड के दो अधिकारी भी शामिल हैं। वहीं, चार अमेरिकी नागरिकों को मामूली चोटें आई हैं।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटनास्थल पर पहले से राहत एवं बचाव अभियान चल रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक के पहुंचने से हादसा और भयावह हो गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।