महाराष्ट्र के जलगांव में एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। 21 वर्षीय नवविवाहिता वैशाली भाऊसाहेब पाटील की शादी के महज़ छह दिन बाद सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपने काका रावसाहेब पाटील के साथ बाइक से मायके जा रही थीं। रास्ते में कवयित्री बहिणाबाई चौधरी उत्तर महाराष्ट्र विश्वविद्यालय के सामने तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वैशाली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके काका गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, वैशाली का विवाह 7 जुलाई को बड़े धूमधाम से हुआ था। देवदर्शन के बाद सोमवार को वह पहली बार मायके जाने के लिए निकली थीं, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद जलगांव शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने हादसे के बाद संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार चालक को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।