पोलैंड के व्रात्स्वोव शहर में महाराष्ट्र मंडल पोलैंड की ओर से गणेशोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। भारतीय संस्कृति की झलक देखने के लिए 250 से अधिक नागरिकों ने गणराय के दर्शन किए।
उत्सव में पोलैंड में रहने वाले भारत के विभिन्न राज्यों के नागरिकों के साथ स्थानीय पोलिश नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। मराठी कलाकारों द्वारा स्थानीय मिट्टी से हाथ से तैयार की गई पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमा की विधिवत स्थापना और आरती की गई।
इसके बाद बच्चों ने गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। विभिन्न भाषिक समुदायों के लोगों ने भी भारतीय गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर उत्सव की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाया। जयती देवरे द्वारा हाथ से निर्मित गणेश प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
महाराष्ट्र मंडल पोलैंड के पदाधिकारियों ने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि विभिन्न भाषाओं और राज्यों के भारतीयों को एकजुट करने तथा पोलैंड के स्थानीय नागरिकों तक भारतीय संस्कृति पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है।
उत्सव की सफलता के लिए वैभव-समीक्षा सानप, तुषार-पूजा ओस्तवाल, पूनम-धीरज पाटील, सविता-अभिजित क्षीरसागर, गिरीश सुळे, अजय ओतारी, महेंद्र यादव, क्षितिज केळकर सहित महाराष्ट्र मंडल के कार्यकर्ताओं ने विशेष परिश्रम किए।
