तेलंगाना के सूर्यापेट जिले के एर्रागड्डा थांडा गांव में घर की सीमा के पास लगे एक नीम के पेड़ को लेकर करीब 25 साल से चला आ रहा विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक, 62 वर्षीय मंडा वेंकटेश्वरलु यादव पेड़ कटवाने के लिए मजदूरों को लेकर पहुंचे थे। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद शुरू हुआ और दोनों पक्षों के बीच कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से हमला हो गया। हमले में वेंकटेश्वरलु की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोप है कि भुक्या रामू ने अपने 58 वर्षीय पिता भुक्या सैदा पर भी हमला किया, जो विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे थे। गंभीर रूप से घायल सैदा की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई।
दोहरी हत्या के बाद गांव में तनाव फैल गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो सब-इंस्पेक्टर नवीन कुमार के सिर में भी चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी रामू को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पुलिस गवाहों से पूछताछ कर रही है।
