हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में 57 वर्षीय घरेलू सहायिका गुड्डी देवी की महिंद्रा थार की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पार्किंग क्षेत्र में आराम कर रही थीं, तभी एक महिला चालक थार को रिवर्स कर रही थी और वाहन उनके ऊपर चढ़ गया।
हादसे के बाद घायल महिला को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि चालक महिला शव को वापस घटनास्थल पर छोड़कर चली गई। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने थार वाहन को जब्त कर लिया है, चालक महिला से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 और 281 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
