दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एक गंभीर हादसा सामने आया है। इलाज के दौरान एक मरीज के ऊपर अचानक छत का पंखा गिर पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें टूटा हुआ पंखा मरीज के शरीर पर पड़ा दिखाई देता है। मौके पर मौजूद डॉक्टर और अस्पताल का स्टाफ तुरंत पंखा हटाने और मरीज को उपचार देने में जुट जाता है, जबकि परिजन बदहवास नजर आते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के कुछ घंटों बाद मरीज की मौत हो गई। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण क्या था, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सरकारी अस्पतालों की जर्जर इमारतों, रखरखाव और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।