गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार (23 जुलाई) सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कुछ इलाकों में महज तीन घंटे के भीतर लगभग 6 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे कई सड़कें और अंडरपास जलमग्न हो गए।

सबसे अधिक प्रभावित मिथाखली अंडरपास रहा, जहां बारिश का पानी तेजी से भरने के कारण एक लाल रंग की AMTS (Ahmedabad Municipal Transport Service) बस बीच पानी में फंस गई। बस के पानी में फंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद पुलिस, नगर निगम (AMC) और राहत दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से बस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली।

भारी बारिश के कारण मिथाखली, मकरबा, अखबारनगर, परिमल, शाहीबाग, उस्मानपुरा और जालाराम समेत कई अंडरपास अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए। इसके चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ा।

बारिश के दौरान शहर में कई स्थानों पर जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली से जुड़ी घटनाएं भी सामने आईं। नगर निगम ने पानी निकासी के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं और नागरिकों से जलभराव वाले अंडरपास से दूर रहने की अपील की है।

गौरतलब है कि मिथाखली और परिमल जैसे अंडरपास हर मानसून में जलभराव की समस्या से जूझते रहे हैं। मानसून शुरू होने से पहले भी नगर निगम ने नागरिकों को ऐसे अंडरपास में पानी भरा होने पर प्रवेश न करने की चेतावनी जारी की थी।