बदायूं के दातागंज थाना परिसर में 28 वर्षीय राजेश की मौत का मामला सामने आया है। राजेश को गांव में भंडारे के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस थाने लेकर आई थी। पुलिस के अनुसार, टॉयलेट से लौटने के बाद राजेश अचानक फर्श पर गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले में परिवार ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि राजेश के शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया है।
घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें राजेश के गिरने के बाद पुलिसकर्मी उसे संभालते और अस्पताल ले जाते दिखाई दे रहे हैं। अब CCTV फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने का इंतजार है।
