जलगांव, महाराष्ट्र:
जलगांव शहर के तांबापुरा इलाके के रहने वाले 28 वर्षीय श्याम सुभाष तांबेश्वर गुरुवार सुबह रोज़ की तरह अपने घर से काम पर निकले थे। लेकिन कुछ समय बाद समृद्धि चौक के पास हाईवे किनारे उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के साथ पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुटी है।
मृतक के परिजनों ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए घातपात (हत्या) की आशंका जताई है। उनका कहना है कि श्याम घर से पूरी तरह स्वस्थ होकर काम पर निकले थे, इसलिए अचानक इस तरह शव मिलना कई सवाल खड़े करता है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
