तेलंगाना के जंगांव जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। कथित तौर पर नशे की हालत में एक युवक ने बस स्टैंड पर खड़ी तेलंगाना आरटीसी की बस चुरा ली। बस में चाबी लगी होने का फायदा उठाकर वह बस लेकर फरार हो गया। आरोपी करीब 21 किलोमीटर तक बस चलाता रहा। रास्ते में बस कई बार डिवाइडर और सीमेंट बैरियर से टकराई। जब बस टोल प्लाजा पहुंची तो कर्मचारियों को उसकी हरकत संदिग्ध लगी और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को रोककर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी की जान नहीं गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।